
नई दिल्ली। PIB Fact Check ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस वीडियो को भ्रामक और फर्जी करार दिया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही टेलीग्राम पर लीक हो गया था।
पीआईबी फैक्ट चेक ने स्पष्ट किया कि पेपर लीक से जुड़ा यह दावा पूरी तरह गलत और निराधार है। वहीं राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने भी इस तरह की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें अफवाह बताया है।
एनटीए ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट तथा एजेंसी के सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल पर ही भरोसा करें।
अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैल रही गलत सूचनाएं अभ्यर्थियों में अनावश्यक भ्रम और तनाव पैदा कर सकती हैं, इसलिए सभी से सतर्क रहने की अपील की गई है।



















