छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 24 घंटे में 75% प्रदेश कवर; कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट

0
8

रायपुर छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से सक्रिय हो गया है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून महज 24 घंटे के भीतर राज्य के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम के शेष क्षेत्रों में भी जल्द मानसून पहुंचने की संभावना जताई है।

मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ प्रदेशभर में अगले एक सप्ताह तक मौसम बदला रहने के आसार हैं। राजधानी रायपुर में मंगलवार शाम हुई तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। बारिश के बाद राज्य के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों में डौंडी और नांगर में सर्वाधिक 5-5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं मैनपुर और धमतरी में 4-4 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे गर्मी से राहत मिली।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों में तेज बारिश, 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

कई जिलों में यलो अलर्ट जारी
इसके अलावा रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, जशपुर, बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा, बलरामपुर समेत कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मानसून और सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की उम्मीद है। इससे किसानों और आमजन को बड़ी राहत मिलने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here