नशा तस्कर मुकेश उर्फ ‘मुकेश बनिया’ की 42 लाख की संपत्तियां फ्रीज

0
9

रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन एनडीपीएस आरोपी मुकेश उर्फ “मुकेश बनिया” की करीब 42 लाख रुपये मूल्य की संपत्तियों पर आर्थिक प्रहार किया है। SAFEMA सक्षम प्राधिकारी, मुंबई ने आरोपी की संपत्तियों पर जारी फ्रीजिंग ऑर्डर को कन्फर्म कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मुकेश बनिया रायपुर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार का सक्रिय और आदतन आरोपी है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या, बलवा, मारपीट और गुंडागर्दी समेत 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पूर्व कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6.119 किलोग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और 2400 अल्प्राजोलम की नशीली गोलियां बरामद की थीं। आरोपी के खिलाफ पहले ही PIT-NDPS Act के तहत डिटेंशन ऑर्डर जारी किया जा चुका है।

विस्तृत वित्तीय जांच में यह सामने आया कि आरोपी के नाम पर मौजूद एक मकान और तीन वाहन मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित धन से खरीदे गए हो सकते हैं। इसी आधार पर इन संपत्तियों को फ्रीज करने का प्रस्ताव भेजा गया था।

फ्रीजिंग ऑर्डर लागू होने के बाद संबंधित संपत्तियों को सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना बेचना, हस्तांतरित करना, गिरवी रखना या अन्य उपयोग करना संभव नहीं होगा। यदि आरोपी वैध आय का स्रोत साबित नहीं कर पाता, तो आगे चलकर इन संपत्तियों को स्थायी रूप से जब्त किया जा सकता है।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनके अवैध आर्थिक नेटवर्क को भी पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here