दो बाघों की खाल और पैंगोलिन शल्क के साथ दो गिरफ्तार, अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा

0
16

महाराष्ट्र–छत्तीसगढ़ सीमा पर चलाए जा रहे संयुक्त अभियान ‘ऑपरेशन सेफ पैसेज’ के तहत वन्यजीव तस्करी के एक बड़े अंतर्राज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB), वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को दो बाघों की खाल के साथ गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के ठिकानों की तलाशी में पैंगोलिन के शल्क भी बरामद हुए। इस बरामदगी के बाद जांच एजेंसियों को वन्यजीव तस्करी से जुड़े एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पुलिस विभाग से जुड़े कर्मचारी हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, बाघों के शिकार की आशंका इंद्रावती–अबूझमाड़ क्षेत्र में जताई जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

वन विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई मध्य भारत के लगभग 400 किलोमीटर लंबे टाइगर कॉरिडोर की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। विभाग ने स्पष्ट किया कि वन्यजीव अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से वन्यजीव तस्करी करने वाले संगठित गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और बाघों समेत दुर्लभ वन्यजीवों के संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here