
रायपुर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम द्वारा वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नर चीतल के अवैध शिकार मामले का खुलासा किया गया है। इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जाल बिछाकर किया गया था शिकार
मिली जानकारी के अनुसार, कवर्धा परियोजना मंडल के अंतर्गत बोड़ला परियोजना परिक्षेत्र के भलपहरी बीट स्थित जंगल में शिकारियों ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाकर नर चीतल का शिकार किया। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से वन क्षेत्र में गतिविधियां कर रहे थे।
मांस बांटने की तैयारी के दौरान दबिश
शिकार के बाद आरोपी चीतल के मांस को आपस में बांटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वन विभाग की टीम को सूचना मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी।
वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर सातों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
वन विभाग की सख्त कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शिकार और वन्यजीव तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

















