
रायपुर राजधानी रायपुर में एक कथित तांत्रिक पर भाई की मौत का रहस्य बताने और विशेष अनुष्ठान कराने के नाम पर करीब 40 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। गाजियाबाद निवासी डॉक्टर त्रृषभ चौबे की शिकायत पर खम्हारडीह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी तांत्रिक फिलहाल फरार है।
भाई की संदिग्ध मौत के बाद किया था संपर्क
पुलिस के अनुसार, डॉक्टर त्रृषभ चौबे के भाई की इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। भाई की मौत के कारण और उससे जुड़े रहस्य का पता लगाने के उद्देश्य से उन्होंने रायपुर के कथित तांत्रिक बाबा नरेंद्र नयन शास्त्री से संपर्क किया।
अनुष्ठान के नाम पर लिए नगदी और XUV
शिकायत के मुताबिक, कथित तांत्रिक ने मौत का राज बताने और विशेष अनुष्ठान कराने का भरोसा देकर डॉक्टर से नकद रकम, अन्य भुगतान और एक XUV वाहन सहित करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति ले ली।
आरोप है कि रकम और वाहन लेने के बाद न तो तांत्रिक ने कोई जानकारी दी और न ही दोबारा संपर्क किया।
ठगी का एहसास होने पर दर्ज कराई शिकायत
खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर पीड़ित ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी तांत्रिक की तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।


















