भैरमगढ़ अस्पताल में हर रविवार मिलेगा निःशुल्क भोजन, दिशांत संजीवनी वेलफेयर सोसायटी की अनूठी पहल

0
8

बीजापुर सामाजिक सरोकार को बढ़ावा देते हुए दिशांत संजीवनी वेलफेयर सोसायटी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैरमगढ़ में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के लिए निःशुल्क भोजन एवं अंडा वितरण की शुरुआत की है। इस पहल के तहत रविवार को अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके साथ मौजूद परिजनों को भोजन उपलब्ध कराया गया।

हर रविवार जारी रहेगी सेवा

सोसायटी ने घोषणा की है कि यह सेवा अब प्रत्येक रविवार नियमित रूप से संचालित की जाएगी। इसका उद्देश्य दूर-दराज़ के ग्रामीण क्षेत्रों से इलाज के लिए आने वाले जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को भोजन की सुविधा उपलब्ध कराना और उनकी कठिनाइयों को कम करना है।

मानवीय सेवा के उद्देश्य से शुरू हुआ अभियान

सोसायटी के सदस्यों ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह मानवीय और सामाजिक सेवा की भावना से शुरू किया गया है। भविष्य में भी इस पहल को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।

भोजन वितरण के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए दिशांत संजीवनी वेलफेयर सोसायटी के प्रति आभार व्यक्त किया।

स्वर्गीय दिशांत सिंह की स्मृति में सेवा कार्य

गौरतलब है कि पूर्व युवा आयोग सदस्य अजय सिंह के पुत्र दिशांत सिंह का कुछ समय पहले हृदयाघात से निधन हो गया था। उनकी स्मृति में पहले भैरमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सर्वसुविधायुक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई थी। अब उसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए दिशांत संजीवनी वेलफेयर सोसायटी ने मरीजों और उनके परिजनों के लिए निःशुल्क भोजन वितरण अभियान की शुरुआत की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here