बारनवापारा अभयारण्य में तीन चीतलों की मौत, एक के शिकार की आशंका; जांच में जुटा वन विभाग

0
9

महासमुंद बारनवापारा अभयारण्य में तीन चीतलों (हिरण) की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में दो नर चीतलों की मौत आपसी संघर्ष में होने की पुष्टि हुई है, जबकि तीसरे चीतल की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। वन विभाग को आशंका है कि उसकी मौत शिकार या आवारा कुत्तों के हमले के कारण हुई हो सकती है। वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।

रामपुर चारागाह में मिले तीनों चीतलों के शव

वन विभाग के अनुसार, रामपुर चारागाह कक्ष क्रमांक-127 में सोमवार और मंगलवार को तीन चीतल मृत पाए गए। घटनास्थल की जांच के दौरान दो नर चीतलों के सींग आपस में फंसे हुए मिले, जिससे उनकी गर्दन में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई।

तीसरे चीतल की मौत की जांच जारी

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, तीसरे चीतल की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शिकार या आवारा कुत्तों के हमले की आशंका जताई गई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

पोस्टमार्टम के बाद किया गया अंतिम संस्कार

बारनवापारा अभयारण्य के अधीक्षक कृष्णानु चंद्राकर ने बताया कि पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों चीतलों का दाह संस्कार कर दिया गया है।

वन विभाग ने शुरू की विस्तृत जांच

अधीक्षक ने बताया कि रामपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में चीतल और आसपास काले हिरण भी पाए जाते हैं। यदि जांच में आवारा कुत्तों के हमले की पुष्टि होती है, तो यह अभयारण्य के वन्यजीवों के लिए गंभीर खतरे का संकेत होगा। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here