
रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ कई राज्यों में साइबर ठगी से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल खातों की रकम को होल्ड या जब्त करने की कार्रवाई भी की है।
69 लाख की ठगी, सूरत से दो आरोपी गिरफ्तार
पलारी निवासी डागेश चंद्राकर से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 69 लाख रुपये की ठगी की शिकायत पर पलारी थाने में मामला दर्ज किया गया था।
जांच में शुभम चौहान और साबले प्रेम विश्वास की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फर्जी कंपनी और फर्जी सिम के जरिए अपने साथियों की मदद से फर्जी बैंक खातों में ठगी की रकम जमा कराई। दोनों को सूरत, गुजरात से गिरफ्तार किया गया।
12 लाख की ठगी, जबलपुर से आरोपी पकड़ा गया
दूसरे मामले में मुकेश विश्वकर्मा से 12 लाख रुपये की ठगी की गई थी। जांच के बाद पुलिस ने अनुज सेन को जबलपुर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, कटनी निवासी अनुज सेन जबलपुर और इंदौर में फर्जी कंपनियां बनाकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी में करता था।
34 लाख की ठगी, महाराष्ट्र से आरोपी गिरफ्तार
तीसरे मामले में वेदप्रकाश बघेल से 34 लाख रुपये की ठगी की गई थी। जांच के दौरान बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की पड़ताल में विक्की लक्ष्मीचंद राहंगडाले, निवासी गोंदिया, महाराष्ट्र की भूमिका सामने आई।
आरोप है कि उसने फर्जी कंपनी और सिम के जरिए साथियों के साथ मिलकर जयपुर में खोले गए फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम जमा करने के लिए किया।
चारों आरोपी न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों को ठगने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के नेटवर्क पर कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन निवेश के नाम पर मिलने वाले संदिग्ध ऑफर और अनजान व्यक्तियों द्वारा दिए गए ट्रेडिंग संबंधी लालच से सावधान रहने की अपील की है।













