नाबालिग से दुष्कर्म, फर्जी दस्तावेजों से प्रसव और नवजात की बिक्री मामले में 2 और आरोपी गिरफ्तार

0
5

रायपुर न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म कर गर्भवती करने, फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्रसव कराने और नवजात शिशु की बिक्री से जुड़े मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

नवजात शिशु को खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और जांच के दौरान पता चला कि पीड़िता के नवजात शिशु को पंखाजूर, कांकेर निवासी सुब्रत बिश्वास को बेचा गया था।

तकनीकी साक्ष्यों और पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने सुब्रत बिश्वास को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसके द्वारा नवजात को खरीदने की बात सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड बनाने वाली महिला गिरफ्तार

जांच में यह भी सामने आया कि पीड़िता की उम्र अधिक दिखाने के लिए पूनम सागरिया ने मोबाइल फोन के माध्यम से उसका फर्जी आधार कार्ड तैयार किया था।

पुलिस ने पूनम सागरिया को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से प्रकरण से संबंधित मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

नवजात शिशु सकुशल बरामद

पुलिस ने सुब्रत बिश्वास के कब्जे से नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे की सुरक्षा और उचित देखभाल को ध्यान में रखते हुए उसे मातृछाया संस्था, रायपुर में सुरक्षित रखा गया है।

दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस इन उपकरणों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच

मामले में बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और जांच अभी जारी है।

पुलिस द्वारा मामले में अन्य संभावित आरोपियों और उनकी भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here