राष्ट्रीय खेल दिवस पर 27 अगस्त को होगा ‘खेलो इंडिया डायलॉग’, पीएम मोदी युवाओं से करेंगे संवाद

0
11

नई दिल्ली राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर 27 अगस्त को देशभर में ‘खेलो इंडिया डायलॉग-खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस पहल में देश के 1,500 से ज्यादा शैक्षणिक संस्थानों के युवा, खिलाड़ी और नीति निर्माता शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद देशभर के विभिन्न केंद्रों पर युवा प्रतिभागियों के साथ खेल और युवा विकास से जुड़े मुद्दों पर संवाद होगा।

खेल और युवाओं के भविष्य पर होगी चर्चा

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं के विचारों और उनके जमीनी अनुभवों को खेल नीति और देश के विकास से जोड़ना है। IIT, IIM, NIT, AIIMS, प्रमुख मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालयों सहित कई शिक्षण संस्थान इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

संवाद के दौरान युवा प्रतिभागी चार प्रमुख मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे। इनमें जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं का विस्तार, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं की पहचान और खिलाड़ियों का विकास, शासन में युवा नेतृत्व और भागीदारी तथा भविष्य के कौशल, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण शामिल हैं।

दिग्गज खिलाड़ियों से भी सीधे जुड़ेंगे युवा

कार्यक्रम में युवाओं को देश के कई नामी खिलाड़ियों से बातचीत का अवसर मिलेगा। दीपा करमाकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, पुलेला गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और पीटी उषा समेत कई खेल हस्तियां अपने अनुभव साझा करेंगी।

खिलाड़ी युवाओं को अपने खेल सफर, संघर्ष और उपलब्धियों के बारे में बताएंगे। इससे युवा प्रतिभागियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।

सांसद और मंत्री भी होंगे शामिल

कार्यक्रम में सांसदों, विधायकों, केंद्रीय मंत्रियों, राज्य मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के खेल मंत्रियों की भी भागीदारी रहेगी। वे युवाओं के साथ बातचीत कर खेल और युवा विकास से जुड़े उनके सुझाव सुनेंगे।

इसके साथ ही ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ क्विज भी आयोजित किया जाएगा। युवाओं को ‘माय भारत’ पोर्टल से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि वे आगे भी युवा सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा ले सकें।

‘खेलो इंडिया डायलॉग’ के जरिए सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल खेलों से जोड़ना नहीं, बल्कि खेल, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here