खेल संचालक चंचल शेखर ने राज्य शूटिंग अकादमी और नाथूबड़खेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का किया निरीक्षण

0
14

भोपाल। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक चंचल शेखर ने बुधवार को मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी और नाथूबड़खेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के साथ-साथ उनके लिए उपलब्ध खेल, फिटनेस, भोजन और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।

राज्य शूटिंग अकादमी में चंचल शेखर ने राइफल और पिस्टल शूटिंग के खिलाड़ियों के प्रशिक्षण का जायजा लिया। उन्होंने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज के अलावा फाइनल रेंज का भी निरीक्षण किया। इस दौरान खिलाड़ियों से बातचीत कर उनके प्रशिक्षण, अभ्यास और अकादमी में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने कोच और प्रशिक्षकों से भी खिलाड़ियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम और प्रदर्शन को लेकर चर्चा की। संचालक ने खिलाड़ियों को लगातार अभ्यास करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए तकनीकी प्रशिक्षण के साथ फिटनेस, रिकवरी और मानसिक मजबूती पर भी बराबर ध्यान दिया जाना जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अकादमी के जिम और मेस का भी जायजा लिया। खिलाड़ियों को मिलने वाले भोजन, फिटनेस सुविधाओं और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

संचालक ने अकादमी परिसर में संचालित स्पोर्ट्स साइंस सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी और खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाने में इस्तेमाल की जा रही वैज्ञानिक सुविधाओं और उपकरणों की जानकारी ली। इस दौरान स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञों और स्टाफ से भी चर्चा की।

इसके बाद चंचल शेखर नाथूबड़खेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचे। यहां उन्होंने खेल मैदान का निरीक्षण किया और एथलेटिक्स खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके प्रशिक्षण, अभ्यास और आवश्यकताओं पर बातचीत की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here