
पुलिस की लगातार दबिश के बाद पहुंचा पुलिस कार्यालय, अभिरक्षा में लेकर शुरू हुई कानूनी कार्रवाई
मेरठउत्तर प्रदेश के मेरठ में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी रविश ने पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते पुलिस कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत लोहियानगर थाना पुलिस आरोपी रविश की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। पुलिस कार्रवाई का दबाव बढ़ने के बाद रविश ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
पिस्टल से फायरिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक, सोनू मलिक ने लोहियानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इरशाद, रविश, शबाना और फिरोज ने सोनू और उसके भाई हारून को जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग की।
फायरिंग में गोली लगने से हारून गंभीर रूप से घायल हो गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और जांच की कार्रवाई जारी है। वहीं, रविश को अभिरक्षा में लेकर उससे पूछताछ और मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
















