
बालोद और धमतरी जिले की सीमा पर स्थित नेशनल हाईवे-30 के मरकाटोला घाट में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 6 युवकों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं। हादसा उस समय हुआ, जब घाट में खड़े स्वराज माजदा वाहन को पीछे से आ रहे 16 चक्के वाले टाटा ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
21 मीटर तक वाहन को घसीटता ले गया ट्रक
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक माजदा वाहन को करीब 21 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद गेहूं से भरा ट्रक भी सड़क पर पलट गया।
हादसे में मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए। सभी घायलों को उपचार के लिए धमतरी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान चार और युवकों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।
ट्रक में फंसा था एक युवक का शव
हादसे के बाद एक युवक ट्रक में फंस गया था। काफी मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला गया। हादसे में घायल सात युवकों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धमतरी से रायपुर रेफर किया गया है।
ट्रक चालक फरार
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जेल) बालोद चंद्रकांत गवर्ना ने हादसे की पुष्टि की है।














