चंडालपुर अब कहलाएगा ‘चंदनपुर’, राजपत्र में नाम परिवर्तन की अधिसूचना जारी

0
9

कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर को अब आधिकारिक तौर पर ‘चंदनपुर’ के नाम से जाना जाएगा। लंबे समय से नाम परिवर्तन की मांग कर रहे ग्रामीणों को शुक्रवार देर रात उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राजपत्र की प्रति सौंपकर बधाई दी।

बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण उप मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए पहुंचे। नाम बदलने की खुशी में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और खुशी जताई।

गांव के विकास के लिए 11.70 लाख रुपये की घोषणा

नाम परिवर्तन के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गांव में विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस राशि से सीसी रोड और सामुदायिक भवन से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए एक विशेष शिविर भी लगाया जाएगा, जिसके माध्यम से दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों में गांव का नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जनभावनाओं से जुड़ा है गांव का नाम

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव का नाम केवल पहचान नहीं होता, बल्कि उससे स्थानीय लोगों की भावनाएं भी जुड़ी होती हैं। ग्रामीण लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग कर रहे थे। उनकी मांग और स्थानीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नाम परिवर्तन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था।

उन्होंने बताया कि प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा के बाद राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त हुई और इसके बाद नाम परिवर्तन का राजपत्र में प्रकाशन किया गया।

अब ‘चंदनपुर’ नाम सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टलों पर दर्ज किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here