
जशपुरनगर। कलेक्टर रोहित व्यास ने कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
42 आवेदन हुए प्राप्त
जनदर्शन में आमजनों ने व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में कुल 42 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें राजस्व प्रकरण, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, अधोसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन और विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़ी मांगें शामिल थीं।
समयबद्ध निराकरण के निर्देश
कलेक्टर व्यास ने अधिकारियों को सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है, इसलिए प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई की जानी चाहिए।
आवेदकों को समय पर दी जाए कार्रवाई की जानकारी
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित आवेदकों को समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अपने प्रकरण की स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
उन्होंने पेयजल, सड़क, स्वच्छता और शासकीय योजनाओं के लाभ से जुड़े जनसुविधा के मामलों पर विशेष गंभीरता से कार्रवाई करने पर जोर दिया।

















