प्रदेश में अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी गन्ने की खरीदी

0
10
Nby

 

भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का फैसला, पेराई सत्र 2025-26 की खरीदी का भुगतान भी बढ़ी दर से होगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गन्ना किसानों के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया है। साथ ही, पेराई सत्र 2025-26 में पहले से खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के अनुसार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है। किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल दिलाना, खेती को लाभकारी बनाना और किसान परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल से हुई चर्चा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शुक्रवार को भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी उपस्थित थे।

मुलाकात के दौरान प्रदेश के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इनमें गन्ना उत्पादक किसानों के हितों का विषय भी प्रमुखता से उठा।

किसानों के हित में तत्काल फैसला

प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए गन्ने की खरीदी की दर बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया। इस फैसले से गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है।

पिछले पेराई सत्र का भुगतान भी बढ़ी दर से

सरकार के निर्णय के अनुसार, पेराई सत्र 2025-26 में शक्कर कारखानों द्वारा खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी 425 रुपये प्रति क्विंटल की नई दर से किया जाएगा। इससे संबंधित पेराई सत्र में गन्ना बेच चुके किसानों को भी बढ़ी हुई दर का लाभ मिलेगा।

राज्य सरकार का कहना है कि किसानों की आय और खेती की लाभप्रदता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गन्ना खरीदी की दर में यह बढ़ोतरी इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here