उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी के भर्ती नियम सख्त, हिंसक गतिविधियों में शामिल लोगों को नहीं मिलेगी नियुक्ति

0
304

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरियों में सीधी भर्ती के लिए अभ्यर्थियों के चरित्र सत्यापन और पुराने रिकॉर्ड की जांच से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। नए दिशा-निर्देशों के तहत हत्या, आतंकवादी गतिविधियों, प्रश्नपत्र लीक, संगठित सॉल्वर गिरोह और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी के लिए अयोग्य घोषित किया जा सकेगा। वहीं, केवल एफआईआर दर्ज होने या जांच लंबित रहने से किसी अभ्यर्थी की उम्मीदवारी स्वतः रद्द नहीं होगी।

प्रमुख सचिव (नियुक्ति एवं कार्मिक) एम. देवराज ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में 28 अक्टूबर को संशोधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ये नियम राज्य सरकार के विभागों के साथ निगमों, परिषदों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक उपक्रमों और शहरी एवं ग्रामीण स्थानीय निकायों पर भी लागू होंगे।

✦
✧
✦
🪔 FESTIVE GREETINGS 🪔
Alok Pandey Festival Greetings
✨ दीपावली एवं सभी पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएँ ✨
✺

हिंसक तरीके से व्यवस्था बदलने वाले संगठनों के सदस्य भी अपात्र

नए नियमों के अनुसार, हिंसक तरीकों से समाज की मौजूदा व्यवस्था को बदलने के उद्देश्य से काम करने वाले संगठनों के सदस्यों को सरकारी नौकरी के लिए अयोग्य माना जाएगा। हालांकि, किसी विशेष राजनीतिक विचारधारा का समर्थक होना अपने आप में अयोग्यता का आधार नहीं होगा।

इन गंभीर अपराधों को किया गया शामिल

सरकार ने अयोग्यता के दायरे में कई गंभीर अपराधों को शामिल किया है। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, दहेज हत्या, बलात्कार, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने, अपहरण, मानव तस्करी, लूट, डकैती, संगठित अपराध, आतंकवादी गतिविधियां और भीड़ हिंसा जैसे मामले शामिल हैं।

इसके अलावा भ्रष्टाचार, धनशोधन, मादक पदार्थों से जुड़े अपराध, पॉक्सो कानून के तहत अपराध और सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों के इस्तेमाल को भी नियमों में शामिल किया गया है। फर्जी प्रमाणपत्र, प्रश्नपत्र लीक और सॉल्वर गिरोह से जुड़े मामलों को भी विशेष रूप से गंभीर माना गया है।

केवल एफआईआर दर्ज होने से उम्मीदवारी रद्द नहीं होगी

नए दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि सिर्फ एफआईआर दर्ज होने या पुलिस जांच लंबित रहने से अभ्यर्थी को स्वतः अयोग्य नहीं माना जाएगा। इसी तरह, बरी हो चुके अभ्यर्थियों, कानूनी रूप से समझौता किए गए मामलों और किशोर न्याय अधिनियम के दायरे में आने वाले मामलों में भी स्वतः अयोग्यता लागू नहीं होगी।

कुछ गंभीर अपराधों में आरोप तय होना ही अयोग्यता का आधार होगा, जबकि अन्य मामलों में दोषसिद्धि आवश्यक होगी। इसका निर्धारण संबंधित अपराध की श्रेणी के अनुसार किया जाएगा।

तीन साल के रिकॉर्ड और व्यवहार में बदलाव पर भी नजर

दिशा-निर्देशों के अनुसार, 21 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद चरित्र सत्यापन की तारीख से पिछले तीन वर्षों के दौरान हिंसक गतिविधियों में शामिल रहने वाले अभ्यर्थियों के मामले में उनकी सक्रिय संलिप्तता पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, उनके आचरण और सोच में वास्तविक सकारात्मक बदलाव के दस्तावेजी प्रमाणों को भी महत्व दिया जाएगा।

सत्यापन लंबित होने पर मिल सकती है औपबंधिक नियुक्ति

सरकार ने सामान्य परिस्थितियों में चरित्र सत्यापन लंबित होने के कारण नियुक्ति पत्र रोकना अनिवार्य नहीं रखा है। नियुक्ति प्राधिकारी निर्धारित सत्यापन प्रपत्र और स्वघोषणा पत्र लेकर अभ्यर्थी को औपबंधिक नियुक्ति दे सकते हैं। हालांकि, बाद में जानकारी गलत पाए जाने या महत्वपूर्ण तथ्य छिपाने की स्थिति में नियुक्ति रद्द करने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

पुलिस को 30 दिन में देनी होगी रिपोर्ट

नए नियमों के तहत जिला पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई को सत्यापन संबंधी अनुरोध मिलने के 30 दिनों के भीतर रिपोर्ट देनी होगी। गृह विभाग इस समयसीमा के पालन की निगरानी करेगा।

सामान्य सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को पूछताछ के लिए घर बुलाने, थाने में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने या अतिरिक्त दस्तावेज देने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। यदि पुलिस या स्थानीय अभिसूचना इकाई की रिपोर्ट प्रतिकूल होती है, तो जिलाधिकारी को अंतिम सिफारिश भेजने से पहले अभ्यर्थी को व्यक्तिगत रूप से या ऑनलाइन अपना पक्ष रखने का अवसर देना होगा।

संवेदनशील पदों के लिए विशेष जांच जरूरी

सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील पदों पर नियुक्ति के लिए औपबंधिक नियुक्ति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में विस्तृत सत्यापन के बाद ही नियुक्ति की जा सकेगी। इसके लिए संबंधित विभाग को कारणों सहित मुख्यमंत्री का पूर्व अनुमोदन लेना होगा।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि पहले से सरकारी सेवा में कार्यरत कर्मचारियों का दोबारा चरित्र सत्यापन नहीं कराया जाएगा। हालांकि, आवश्यकता पड़ने पर उनके पूर्व विभागों से सेवा संबंधी अभिलेख मंगाए जा सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here