ढाई घंटे में अपहृत एक वर्षीय बालक को पुलिस ने सकुशल बरामद कर मां से मिलाया

0
12

पंडरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, थाने में पुलिसकर्मियों ने केक काटकर मनाया बच्चे का पहला जन्मदिन; पारिवारिक विवाद के दौरान पिता पर बच्चे को जबरन ले जाने का आरोप

रायपुर । राजधानी रायपुर के पंडरी थाना पुलिस ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपहृत किए गए एक वर्षीय बालक को महज ढाई घंटे में सकुशल बरामद कर उसकी मां से मिला दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिसकर्मियों ने बच्चे का पहला जन्मदिन थाना परिसर में केक काटकर मनाया। पुलिस की इस पहल से परिवार को मुश्किल समय में खुशी का एक यादगार पल मिला।

 पारिवारिक विवाद के बीच बच्चे को ले गया पिता

पुलिस के अनुसार, प्रिया पाण्डेय (26) का विवाह वर्ष 2022 में लाकेश सिंह बंजारे (28) से हुआ था। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद के चलते पिछले 7-8 महीने से अलग रह रहे थे।

3 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे लाकेश सिंह बंजारे प्रिया के दलदल सिवनी स्थित मकान पहुंचा। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान लाकेश ने गाली-गलौज करते हुए प्रिया के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।

इसी दौरान शाम करीब 5 बजे आरोपी ने बच्चे को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। इस पर पड़ोस में रहने वाली रूबी प्रिया मानिकपुरी ने बच्चे को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखा।

 थाने पहुंची मां, पीछे से बच्चे और मोबाइल को ले गया आरोपी

बाद में प्रिया शिकायत दर्ज कराने थाना पंडरी पहुंची। इसी दौरान शाम करीब 6 बजे लाकेश कथित तौर पर उसके एक वर्षीय बेटे और मोबाइल फोन को जबरदस्ती अपने साथ लेकर चला गया। प्रिया ने बच्चे को वापस देने की मांग की, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। बच्चे के बारे में पूछने पर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

एक वर्षीय बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंतित मां की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

 ढाई घंटे में बच्चे को खोज निकाला

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन तथा एडीसीपी नॉर्थ आदित्य पाण्डेय और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने तलाश शुरू की।

थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने संभावित स्थानों पर पतासाजी की और करीब ढाई घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।

थाने में मनाया बच्चे का पहला जन्मदिन

इस पूरे घटनाक्रम का भावुक पहलू यह रहा कि जिस दिन बच्चा मां से बिछड़ा, उसी दिन उसका पहला जन्मदिन भी था। बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद थाना पंडरी के पुलिसकर्मियों ने केक काटकर उसका जन्मदिन मनाया। पुलिसकर्मियों ने बच्चे के साथ खुशियां साझा कीं और मां को इस कठिन परिस्थिति में राहत का एक सुखद पल दिया।

 आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

प्रिया की शिकायत पर आरोपी लाकेश सिंह बंजारे, निवासी बगदेही पारा, तर्री रोड, थाना गोबरा नवापारा, रायपुर के विरुद्ध थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 380/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 115(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रायपुर कमिश्नरेट ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए कहा है कि संकट की स्थिति में नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस तत्पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here