
रायपुर सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले, विजेता टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगी हिस्सा
रायपुर। उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में प्रगति कॉलेज रायपुर द्वारा आयोजित सेक्टर स्तरीय अंतरमहाविद्यालयीन बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता के महिला वर्ग में प्रगति कॉलेज ने खिताब अपने नाम किया, जबकि पुरुष वर्ग में यूटीडी रायपुर विजेता बना।
पुरुष वर्ग में यूटीडी ने 3-0 से जीता फाइनल
पुरुष वर्ग के मुकाबलों में यूटीडी रायपुर ने शासकीय पीजी कॉलेज कुरूद को 3-0 से हराया। विप्र कॉलेज ने शासकीय राजीव लोचन कॉलेज को 3-1 से पराजित किया। वहीं नेताजी सुभाष कॉलेज अभनपुर ने शासकीय छत्तीसगढ़ कॉलेज को 3-0 से हराया। प्रगति कॉलेज ने मैक कॉलेज को भी 3-0 से शिकस्त दी।
पहले सेमीफाइनल में यूटीडी रायपुर ने विप्र कॉलेज को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में नेताजी सुभाष कॉलेज अभनपुर ने प्रगति कॉलेज को 3-2 से पराजित किया।
फाइनल मुकाबले में यूटीडी रायपुर ने नेताजी सुभाष कॉलेज अभनपुर को 3-0 से हराकर पुरुष वर्ग का खिताब जीत लिया।
महिला वर्ग में प्रगति कॉलेज ने मारी बाजी
महिला वर्ग के पहले सेमीफाइनल में शासकीय दुर्गावती बाई महिला कॉलेज ने यूटीडी को 2-0 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में प्रगति कॉलेज ने दिशा कॉलेज को 2-0 से पराजित किया।
फाइनल मुकाबला प्रगति कॉलेज और शासकीय दुर्गावती बाई महिला कॉलेज के बीच खेला गया। इसमें प्रगति कॉलेज ने सीधे सेटों में 2-0 से जीत दर्ज कर महिला वर्ग की चैंपियनशिप अपने नाम की।
खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
महिला वर्ग में प्रगति कॉलेज की तिष्या मुक्ता और राखी साहू ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। वहीं पुरुष वर्ग में प्रगति कॉलेज के दिव्यांश जोशी तथा यूटीडी के तनमय और पुष्पेंद्र के खेल की सराहना की गई।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए टीमों का चयन
प्रतियोगिता के बाद रायपुर सेक्टर की महिला और पुरुष टीमों का चयन किया गया। चयनित टीमें 13 और 14 नवंबर 2026 को शासकीय पीजी कॉलेज सूरजपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
इस अवसर पर रूपेन्द्र चौहान, प्रकाश चन्द्रवंशी, डॉ. कर्मिष्ठ सम्मरकर, प्यारेलाल साहू, विजय शर्मा, वीरेन्द्र जागंडे, ललित कुर्रे, कोमल वर्मा और तुलाराम सहित विभिन्न महाविद्यालयों के क्रीड़ाधिकारी उपस्थित रहे। प्रगति कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. आशीष श्रीवास्तव, भरत साहू और भुवनेश्वर यादव भी मौजूद थे।
प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी प्रगति कॉलेज के स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. आदर्श मिश्रा ने दी।

















