
40 पुरुष बंदियों ने सीखी कंप्यूटर शिक्षा, 30 महिला बंदियों को दिया गया ब्यूटी पार्लर और हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण
रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के सुधार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत केंद्रीय जेल रायपुर में रविवार को 70 बंदियों को कौशल प्रशिक्षण के प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इनमें 40 पुरुष बंदी और 30 महिला बंदी शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य बंदियों को रिहाई के बाद रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
कंप्यूटर और ब्यूटी पार्लर का दिया गया प्रशिक्षण
भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं, 30 महिला बंदियों ने ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के अंतर्गत ब्यूटी पार्लर और हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
बंदियों में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता बढ़ाना उद्देश्य
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि जेलों में बंदियों को शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ‘निश्चय कार्यक्रम’ इसी दिशा में सार्थक पहल है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का आधार बन रही है। इससे बंदियों में डिजिटल साक्षरता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास बढ़ेगा। वहीं, महिला बंदियों को हेयर ड्रेसिंग और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण मिलने से वे रिहाई के बाद स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
शिक्षा और हुनर से खुलेंगे नए अवसर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बंदियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं। तकनीकी ज्ञान और व्यावसायिक दक्षता से बंदी भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के निदेशक अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, नई दिल्ली के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल उपस्थित रहे।
निश्चय कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों को शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और पुनर्वास को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जेलों को केवल सजा का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास के केंद्र के रूप में विकसित करना है।











