
राज्यपाल रमेन डेका करेंगे शुभारंभ, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में होगा समापन; करीब 500 प्रतिभागी लेंगे हिस्सा
रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 23 नवंबर को रायपुर में ‘मानव तस्करी तथा महिलाओं का घरेलू हिंसा से संरक्षण’ विषय पर राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
कार्यशाला का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े उपस्थित रहेंगी। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में कार्यशाला का समापन होगा।
कानून और पीड़ितों के संरक्षण पर होगा मंथन
कार्यशाला में न्यायपालिका, पुलिस, महिला एवं बाल विकास, उच्च शिक्षा और स्वैच्छिक संस्थाओं से जुड़े करीब 500 प्रतिभागी शामिल होंगे। इस दौरान मानव तस्करी और घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी
विशेषज्ञ महिलाओं को हिंसा और तस्करी से बचाने, पीड़ितों को संरक्षण एवं सहायता उपलब्ध कराने तथा इन मामलों में पुलिस और संबंधित विभागों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय बढ़ाना और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े उपायों को प्रभावी बनाना है।















