भिलाई में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत, घर में मिले दोनों के शव

0
135

भिलाई वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वृंदा नगर में रविवार सुबह एक दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अलग-अलग कमरों से पति और पत्नी के शव बरामद हुए हैं।

पति फंदे पर लटका मिला, पत्नी का शव जमीन पर मिला
पुलिस के अनुसार 55 वर्षीय जी वेंकट रमन का शव घर के अंदर वाले कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी 52 वर्षीय पत्नी जी विद्यावती का शव सामने वाले कमरे में जमीन पर पड़ा था।

पत्नी के गले पर मिले निशान
प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर रस्सी से कसाव जैसे निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

सुसाइड नोट नहीं मिला
घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस को एक मोबाइल फोन मिला है, जो लॉक है। मोबाइल की जांच के बाद मामले से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।

पड़ोस में रहने वाली मां ने देखा शव
सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी के मुताबिक, सुबह घर में कोई हलचल नहीं होने पर मृतक की मां ने घर जाकर देखा। वहां बहू का शव पड़ा मिला और अंदर कमरे में बेटा फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

आर्थिक तंगी की भी जांच
पुलिस के अनुसार वेंकट रमन ऑटो चालक था और परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। दंपति का एक बेटा ओडिशा में काम करता है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here