IGKV पेपर लीक कांड का खुलासा, प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार

0
3

रायपुर  इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी 36 घंटे के भीतर की गई।

लिफाफे में छेद कर बनाया प्रश्नपत्र का वीडियो

पुलिस के मुताबिक, प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया ने प्रश्नपत्र को घर ले जाने के बाद लिफाफे में छोटा छेद कर मोबाइल कैमरे के जरिए प्रश्नपत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद प्रश्नपत्र की सामग्री की नकल तैयार की गई।

11 हजार रुपये में छात्रों को बेचा पेपर

पुलिस का दावा है कि आरोपी प्रोफेसर ने प्रश्नपत्र अपने कॉलेज के छात्र अजय नायक समेत तीन छात्रों को 11 हजार रुपये में बेचा। इसके बाद प्रश्नपत्र अन्य छात्रों तक पहुंचा और WhatsApp व सोशल मीडिया के जरिए वायरल हो गया।

6 आरोपी गिरफ्तार, 2 की तलाश जारी

पुलिस ने योगेश सोनकेसरिया, अजय नायक, त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने की जांच

मामले की जांच के लिए 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीमें लगाई गई थीं। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और कबीरधाम समेत कई स्थानों पर दबिश दी गई। साइबर टीम ने वायरल प्रश्नपत्र, स्क्रीनशॉट, फोटो, मैसेज और सोशल मीडिया पोस्ट का तकनीकी विश्लेषण कर लीक की पूरी कड़ी खंगाली।

मोबाइल और अन्य सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सूजा, कॉपी और फेविकोल समेत अन्य सामान बरामद किया है।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 की संबंधित धाराओं और BNS की धारा 316 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ पेपर लीक नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here