LPU में रातभर हंगामा, कथित रेप के दावों पर पुलिस ने दर्ज की FIR; यूनिवर्सिटी ने अफवाह बताया

0
105

जालंधर। पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में एक छात्रा के कथित यौन उत्पीड़न को लेकर छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन किया। छात्रों ने चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, छात्रों ने जी3 हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा के साथ कथित रेप का दावा किया था। जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि मामले की जांच वैज्ञानिक तरीके से की जाएगी। जांच में सीसीटीवी फुटेज, फोन डेटा और फोरेंसिक साक्ष्यों की जांच शामिल होगी।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित करने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल शिकायत में आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं है, इसलिए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

यूनिवर्सिटी ने दावों को बताया गलत

वहीं, LPU प्रशासन ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों को झूठा और मनगढ़ंत बताया है। यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं, जिससे छात्रों और अभिभावकों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।

यूनिवर्सिटी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी जानकारी पर बिना पुष्टि के भरोसा न करें और उसे आगे साझा करने से बचें।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। कथित घटना, छात्रा की पहचान और सोशल मीडिया पर किए जा रहे अन्य दावों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here