
बिजली विभाग के रखरखाव कार्य का असर, 42 जलागारों से नहीं होगी पानी की सप्लाई
रायपुर राजधानी के कई क्षेत्रों में 11 जून की शाम पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। विद्युत उपकेंद्र में प्रस्तावित तकनीकी कार्य के कारण इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट बंद रहेंगे, जिससे शहर के 42 जलागारों से होने वाली शाम की पानी सप्लाई नहीं हो सकेगी।
रखरखाव कार्य के चलते बंद रहेंगे प्लांट
नगर निगम जलकार्य विभाग के अनुसार, रावणभाटा उपकेंद्र में 33 केवी फीडर से जुड़े केबल कनेक्शन और संधारण कार्य किए जाएंगे। इसके चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी और प्रमुख जल शोधन संयंत्रों का संचालन अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
इन क्षेत्रों में पड़ेगा असर
जलापूर्ति बाधित होने से डंगनिया, गुढ़ियारी, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, डीडी नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मोवा, सड्डू, बोरियाकला, रायपुरा, जोरा, देवेंद्र नगर और संजय नगर सहित कई इलाकों के रहवासियों को शाम के समय पानी नहीं मिल पाएगा।
12 जून से व्यवस्था होगी सामान्य
नगर निगम ने बताया कि 11 जून की सुबह नियमित जलापूर्ति की जाएगी, जबकि शाम की सप्लाई प्रभावित रहेगी। तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद 12 जून की सुबह से जल वितरण व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
नागरिकों से पानी संग्रह करने की अपील
नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे 11 जून की सुबह ही आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण कर लें, ताकि शाम के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो।



















