
पीड़िता के दादा समेत तीन आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए, एक लाख रुपये नगद बरामद
रायपुर सिलयारी चौकी क्षेत्र में दर्ज नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले की जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण तथ्य मिले हैं। नए सिरे से की गई विवेचना में पुलिस ने न केवल दुष्कर्म के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की, बल्कि मामले को दबाने के आरोप में पीड़िता के दादा समेत तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया समझौते का आरोप
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान ऐसे साक्ष्य मिले जिनसे पता चला कि पीड़िता के दादा ने कथित तौर पर मामले को दबाने का प्रयास किया था। आरोप है कि उन्होंने एक आरोपी के परिजनों से घटना को सार्वजनिक न करने और मामला शांत रखने के एवज में 1 लाख 30 हजार रुपये प्राप्त किए थे।
जांच में इस लेन-देन से जुड़ा वीडियो भी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में दूसरे आरोपी को फोन कर धमकाने के आरोप भी सामने आए हैं।
पहले किया था घटना से इनकार
विवेचना के दौरान यह भी पाया गया कि पीड़िता के दादा ने शुरुआती बयान में अपनी नातिन के साथ किसी प्रकार की घटना होने से इनकार किया था। बाद में उन्होंने मामले की पुनः जांच की मांग करते हुए आवेदन दिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले में गंभीर अपराध को कथित रूप से दबाने और धनराशि लेने के आरोप में पुलिस ने पीड़िता के दादा के अलावा दो अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक मेडिकल स्टोर संचालक और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं।
नकदी भी बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी दादा के कब्जे से 1 लाख रुपये नगद भी बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दुष्कर्म आरोपियों पर पहले ही कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि मूल दुष्कर्म प्रकरण में भी जांच आगे बढ़ाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले की आगे की जांच जारी है।



















