फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, कई इमारतें क्षतिग्रस्त, सुनामी की चेतावनी जारी

0
99

मिंडानाओ फिलीपींस में सोमवार तड़के आए शक्तिशाली भूकंप से व्यापक दहशत फैल गई। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.8 दर्ज की गई। भूकंप के झटकों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है, जबकि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है।

फिलीपीन ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप स्थित जनरल सैंटोस शहर से लगभग 13 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। संस्थान ने इसकी गहराई 10 किलोमीटर बताई है, जबकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने भूकंप की गहराई 55.2 किलोमीटर दर्ज की है।

भूकंप के बाद प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने फिलीपींस के कुछ तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। एजेंसी के अनुसार, कुछ स्थानों पर तीन मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। वहीं इंडोनेशिया और मलेशिया के कुछ तटीय इलाकों में एक मीटर तक ऊंची लहरों की आशंका जताई गई है।

फिलीपीन भूकंप विज्ञान संस्थान के प्रमुख टेरेसिटो बाकोलकोल ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों या ऊंचे इलाकों में जाने की अपील की है।

जनरल सैंटोस सिटी पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं, हालांकि नुकसान का पूरा आकलन अभी जारी है। राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

गौरतलब है कि फिलीपींस प्रशांत महासागर के भूकंपीय क्षेत्र ‘रिंग ऑफ फायर’ में स्थित है, जहां भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियां अक्सर होती रहती हैं। यही कारण है कि यह देश प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से दुनिया के सबसे संवेदनशील देशों में शामिल माना जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here