दिल्ली एयरपोर्ट पर आंधी-बारिश का असर, एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त

0
9

नई दिल्लीराजधानी दिल्ली में रविवार को आई तेज आंधी और भारी बारिश का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर भी देखने को मिला। खराब मौसम के दौरान ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी जगह से खिसककर एयर इंडिया के तीन विमानों से टकरा गए, जिससे वे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद सभी प्रभावित विमानों को एहतियातन परिचालन से हटा दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) के अनुसार, टर्मिनल-2 पर अचानक तेज हवाओं और बारिश के कारण ग्राउंड हैंडलिंग उपकरण नियंत्रण से बाहर हो गए और पार्क किए गए विमानों से टकरा गए। इस घटना में एयर इंडिया के तीन नैरो-बॉडी विमान प्रभावित हुए।

सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए तीनों विमानों को तत्काल सेवा से बाहर कर दिया गया है। अब उनकी विस्तृत तकनीकी जांच और आवश्यक मरम्मत की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो विमान जल्द परिचालन में लौट सकते हैं, जबकि एक विमान की मरम्मत में अधिक समय लग सकता है।

डीआईएएल ने बताया कि खिसके हुए उपकरण एयर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेज और इंडिगो की ग्राउंड हैंडलिंग सेवाओं से जुड़े थे। अधिकारियों के मुताबिक, मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।

एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि मौसम बेहद तेजी से बदला और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) की ओर से एयरपोर्ट प्रबंधन या एयरलाइंस को ऐसी स्थिति की कोई अग्रिम चेतावनी नहीं मिली थी। इसके चलते ग्राउंड पर मौजूद उपकरणों को समय रहते सुरक्षित नहीं किया जा सका।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, खराब मौसम के कारण एक अन्य एयरलाइन का विमान भी प्रभावित हुआ है। हालांकि, उसके नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 11 और 12 जून को हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। ऐसे में आने वाले दिनों में विमानन सेवाओं और परिवहन व्यवस्था पर असर पड़ सकता है।

इस घटना के बाद खराब मौसम के दौरान हवाई अड्डों पर सुरक्षा और ग्राउंड ऑपरेशन प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा है कि विस्तृत जांच के बाद आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here