नेपाल सीमा के पास से फरार टीएमसी नेता जहांगीर खान गिरफ्तार

0
69

कोलकाता पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता और फाल्टा विधानसभा उपचुनाव के पूर्व उम्मीदवार जहांगीर खान को नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह राज्य से बाहर भागने की कोशिश कर रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कोलकाता लाया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, फाल्टा विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद से जहांगीर खान सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दे रहा था। वह अपने आवास और पार्टी कार्यालय दोनों जगहों से गायब था, जिसके बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई थी।

फाल्टा विधानसभा सीट पर 21 मई को हुए पुनर्मतदान से 48 घंटे पहले जहांगीर खान ने चुनाव लड़ने से पीछे हटने की घोषणा की थी। हालांकि नाम वापस लेने के बावजूद ईवीएम पर टीएमसी प्रत्याशी के रूप में उनका नाम और चुनाव चिह्न मौजूद रहा। 24 मई को घोषित नतीजों में भाजपा उम्मीदवार ने 1.09 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि जहांगीर खान चौथे स्थान पर रहे और उन्हें 7,783 वोट मिले।

जहांगीर खान के खिलाफ वर्ष 2019 से एक मामला दर्ज है, जिसमें उन्हें पहले कानूनी संरक्षण प्राप्त था। इसके अलावा उपचुनाव के दौरान भी उन्हें अदालत से राहत मिली हुई थी। हालांकि 26 मई को कलकत्ता हाई कोर्ट ने उनकी सभी कानूनी सुरक्षा समाप्त कर दी थी, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया।

फाल्टा उपचुनाव शुरू से ही विवादों में रहा। 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान कई बूथों पर गड़बड़ी के आरोप लगे थे। चुनाव आयोग को ईवीएम पर स्याही, परफ्यूम और टेप के इस्तेमाल जैसी शिकायतें मिली थीं। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने पुनर्मतदान की मांग की थी, जिसके बाद आयोग ने दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया।

उपचुनाव के दौरान जहांगीर खान अपने एक विवादित बयान को लेकर भी चर्चा में आए थे। केंद्रीय बलों और पुलिस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने फिल्म पुष्पा: द राइज के चर्चित संवाद “झुकेगा नहीं” का उल्लेख किया था और कहा था कि यदि पुलिस अधिकारी “शेर” हैं तो वह भी “पुष्पा” हैं और किसी के दबाव में नहीं झुकेंगे।

जहांगीर खान की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर विभिन्न मामलों और चुनावी विवादों से जुड़े पहलुओं की जांच आगे बढ़ा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here