
अगले 2-3 दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दस्तक दे सकता है दक्षिण-पश्चिम मानसून
रायपुर राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में सोमवार देर रात हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। प्री-मानसून गतिविधियों के असर से तापमान में लगभग 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अगले दो से तीन दिनों के भीतर मानसून के छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में प्रवेश करने की संभावना जताई गई है।
विभाग ने आगामी पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। साथ ही 11 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना बताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्री-मानसून बारिश के कारण तापमान में कमी आई है और आने वाले दिनों में मौसम अपेक्षाकृत सुहाना बना रह सकता है। हालांकि गरज-चमक और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।



















