RDA की संपत्तियों की बुकिंग हुई ऑनलाइन, अब घर बैठे करें आवेदन

0
8

रायपुर रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने नागरिकों की सुविधा के लिए अपनी संपत्तियों की बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब इच्छुक आवेदक आरडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे ही आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन और बुकिंग कर सकेंगे।

121 संपत्तियां ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध

आरडीए ने फिलहाल 121 संपत्तियों को ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराया है। इनमें कमल विहार और रावभाटा सहित प्राधिकरण की प्रमुख आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं की संपत्तियां शामिल हैं। कमल विहार में आवासीय फ्लैट, आवासीय और व्यावसायिक भूखंड उपलब्ध हैं, जबकि रावभाटा में व्यावसायिक संपत्तियों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू की गई है।

कमजोर और निम्न आय वर्ग को भी मिलेगा लाभ

प्राधिकरण ने कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए भी आवासीय परियोजनाएं विकसित की हैं, ताकि हर वर्ग के नागरिकों को उनकी आवश्यकता और आर्थिक क्षमता के अनुरूप आवास उपलब्ध कराया जा सके।

मेंटेनेंस शुल्क का भी होगा ऑनलाइन भुगतान

ऑनलाइन बुकिंग के साथ अब हितग्राही वेबसाइट के जरिए मेंटेनेंस चार्ज का ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे। इससे लोगों को कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और पूरी प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हो जाएगी।

पारदर्शी और आसान होगी पूरी प्रक्रिया

आरडीए अध्यक्ष नंदे साहू ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य नागरिकों को आधुनिक, पारदर्शी और जनहितैषी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से लोगों का समय बचेगा और संपत्तियों के आवंटन की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनेगी। उन्होंने नागरिकों से इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।

वहीं, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अवनीश कुमार शरण ने बताया कि लंबे समय से संपत्तियों की बुकिंग प्रक्रिया बंद थी। अब उपलब्ध सभी संपत्तियों को एक साथ ऑनलाइन पोर्टल पर लाइव कर दिया गया है, जिससे आवेदकों को पारदर्शी, त्वरित और आसान तरीके से बुकिंग की सुविधा मिलेगी।

आरडीए की यह पहल डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देने के साथ-साथ नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अब आवेदन, भुगतान और संपत्तियों के आवंटन की पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here