
दुर्ग आगामी 3 मई को होने वाली नीट परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने समीक्षा बैठक में साफ निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और हर अभ्यर्थी की गहन जांच सुनिश्चित हो।
बैठक में जिला समन्वयकों और केंद्र अधीक्षकों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा में अनुचित साधनों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने पर जोर दिया गया है।
परीक्षार्थियों के लिए जरूरी निर्देश
- परीक्षा केंद्र पर रिपोर्टिंग समय से कम से कम 2 घंटे पहले पहुंचें
- मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर जैसे सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित
- ज्यामिति बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, कागज या कोई लिखित सामग्री ले जाना मना
- वॉलेट, बैग, बेल्ट, टोपी और आभूषण पहनकर आने की अनुमति नहीं
- पेन केंद्र पर ही उपलब्ध कराया जाएगा
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि कोई परीक्षार्थी प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ पाया जाता है, तो उसे अनुचित साधनों का दोषी मानते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।


















