उत्तराखंड में ‘शुद्धिकरण’ विवाद गरमाया, राहुल गांधी के लिए BJP ने किया ‘बुद्धि शुद्धि यज्ञ’

0
319

खड़गे की रैली के बाद कथित शुद्धिकरण को लेकर सियासत तेज, कांग्रेस ने SC/ST एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की


हल्द्वानी उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा है। इसके जवाब में बीजेपी के अनुसूचित जाति मोर्चे ने देहरादून के एक मंदिर में राहुल गांधी के लिए ‘बुद्धि शुद्धि यज्ञ’ किया। बीजेपी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर मामले को लेकर झूठ फैलाने का आरोप लगाया है।

बीजेपी की ओर से किए गए यज्ञ में राहुल गांधी की तस्वीर भी रखी गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि इसका उद्देश्य राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं को सद्बुद्धि देने और कथित तौर पर झूठ फैलाना बंद करने का संदेश देना है। उत्तराखंड के मंत्री भागवत मकवाना ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और उन्हें मंत्री का दर्जा प्राप्त है। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होगी।

वहीं कांग्रेस ने हल्द्वानी में हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम को जातिगत अपमान से जोड़ते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस थानों में शिकायतें देकर कार्रवाई की मांग की। साथ ही राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग को लेकर सचिवालय के बाहर प्रदर्शन भी किया गया।

इसी विवाद के बीच कांग्रेस के ‘असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस’ ने आरएसएस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। संगठन के अध्यक्ष उदित राज के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ, जहां ‘मनुस्मृति’ की प्रतियां और आरएसएस की ड्रेस जलाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उदित राज समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

उदित राज ने आरोप लगाया कि जाति के आधार पर किसी व्यक्ति का अपमान पूरे दलित समाज के सम्मान से जुड़ा मामला है। उन्होंने हल्द्वानी में खड़गे की रैली के बाद सभा स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर बीजेपी से जुड़े लोगों पर आरोप लगाए। विवाद के बीच बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक टकराव तेज हो गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here