
नागौर राजस्थान के मकराना स्थित कालानाडा खनन क्षेत्र में गुरुवार तड़के भारी बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करीब छह खदानें ध्वस्त हो गईं, जिससे कालानाडा-कटाणी मार्ग का बड़ा हिस्सा सैकड़ों फीट गहरी खदानों में समा गया और करीब 10 गांवों का संपर्क टूट गया।
गनीमत रही कि हादसे के समय खदानों में काम बंद था और सड़क पर कोई आवाजाही नहीं थी, जिससे जनहानि टल गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन किया जा रहा था और सड़क व कृषि भूमि के नीचे तक खुदाई की गई। उनका दावा है कि शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे, प्रभावित क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं खनिज विभाग ने सीवरेज पाइपलाइन में लीकेज और भारी बारिश को हादसे की वजह बताया है, जबकि स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अवैध खनन को जिम्मेदार ठहराते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



















