
रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साई के निर्देश पर प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। राज्य सरकार खनिज संसाधनों के संरक्षण और उनके नियमानुसार उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसी क्रम में खनिज साधन विभाग के सचिव और संचालक के निर्देशानुसार केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने 21 और 22 जून 2026 को विभिन्न जिलों में औचक निरीक्षण और जांच अभियान चलाया। शिकायतों के आधार पर की गई इस कार्रवाई में कई अनियमितताएं सामने आईं।
बलौदाबाजार जिले के खपरीडीह गांव में गौण खनिज निम्न श्रेणी चूना पत्थर से जुड़े अस्थायी भंडारण स्थलों और खदानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर 6 क्रशर इकाइयों को सील कर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया गया।
वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दहिदा गांव स्थित महानदी क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान एक चेन माउंटेन मशीन से अवैध रेत उत्खनन करते हुए पाया गया। कार्रवाई करते हुए मशीन को जब्त कर आगामी आदेश तक सील कर दिया गया। मशीन स्वामी को भी जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच के दौरान सभी स्थलों का ड्रोन सर्वेक्षण भी कराया गया, जिससे खनन गतिविधियों का सटीक आकलन किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि प्रदेश में अवैध खनन से जुड़ी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं खनिज सचिव पी. दयानंद ने अधिकारियों को आधुनिक तकनीक और सतत निगरानी के माध्यम से अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।















