
रायपुर। आयुष औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने “आयुष सुरक्षा पोर्टल” विकसित किया है। यह पोर्टल आयुष दवाओं से जुड़े दुष्प्रभाव, गुणवत्ता संबंधी शिकायतों और भ्रामक या आपत्तिजनक विज्ञापनों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग के लिए एक पारदर्शी डिजिटल मंच उपलब्ध कराता है।
पोर्टल के माध्यम से आयुष चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और आम नागरिक आयुष दवाओं के सेवन के बाद होने वाले किसी भी प्रतिकूल प्रभाव, दवाओं की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायत या भ्रामक विज्ञापन की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित प्राधिकरण आवश्यक जांच और नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
छत्तीसगढ़ आयुष विभाग ने प्रदेशवासियों और आयुष क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों से अपील की है कि आयुष औषधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या दुष्प्रभाव की जानकारी आयुष सुरक्षा पोर्टल पर अवश्य दर्ज करें।
विभाग का कहना है कि यह पहल आयुष दवाओं के सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत करेगी।
अधिक जानकारी और ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने के लिए https://suraksha.ayush.gov.in/ पर विजिट किया जा सकता है।













