इसरो के वैज्ञानिकों ने किया दंतेवाड़ा जिला विज्ञान केंद्र का दौरा, वैज्ञानिक गतिविधियों की सराहना

0
2
Nby

दंतेवाड़ा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रोफेसर आनंद और उनकी विशेषज्ञ टीम ने जिला विज्ञान केंद्र, दंतेवाड़ा का दौरा कर वहां संचालित वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान टीम ने विज्ञान केंद्र की विभिन्न नवाचार पहलों और विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के प्रयासों की सराहना की।

भ्रमण के दौरान इसरो की टीम ने स्पेस गैलरी, फिजिक्स गैलरी, माइनिंग गैलरी, विज्ञान प्रदर्शनी, वर्किंग मॉडल्स और विद्यार्थियों के लिए आयोजित ‘करके सीखें’ गतिविधियों का निरीक्षण किया। वैज्ञानिकों ने कहा कि सुदूर जनजातीय क्षेत्र के बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इसरो के वैज्ञानिकों ने विज्ञान केंद्र प्रमुख उपेंद्र गौतम और उनकी टीम के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रयोग आधारित शिक्षा बच्चों को विज्ञान और नवाचार से जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

टीम ने विज्ञान केंद्र में नियमित रूप से आयोजित शैक्षणिक भ्रमण, ‘कबाड़ से जुगाड़’ गतिविधियां और खगोल विज्ञान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा बढ़ाने की दिशा में प्रभावी पहल बताया। उनका कहना था कि ऐसी गतिविधियां बच्चों को विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

भ्रमण के अंत में विज्ञान केंद्र प्रबंधन ने इसरो की टीम का आभार व्यक्त किया। **इसरो वैज्ञानिकों के आगमन से विद्यार्थियों, शिक्षकों और विज्ञान में रुचि रखने वाले युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।**

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here