चार युवकों की स्टंटबाजी पड़ी भारी, रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने काटा ₹4,500 का चालान

0
7

एक बाइक पर चार सवारी कर रहे थे युवक, यातायात नियम तोड़ने पर हुई कार्रवाई

रायपुर सार्वजनिक सड़क पर एक बाइक पर चार सवारी बैठाकर स्टंटबाजी करना चार युवकों को महंगा पड़ गया। रायपुर यातायात पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित युवकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई कर 4,500 रुपये का चालान किया है।

अखबार में प्रकाशित तस्वीर से हुआ खुलासा

यातायात पुलिस के अनुसार, समाचार पत्र में प्रकाशित एक तस्वीर के माध्यम से जानकारी मिली कि चार युवक एक ही दोपहिया वाहन पर सवार होकर सार्वजनिक मार्ग पर स्टंट कर रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर युवकों को यातायात कार्यालय बुलाकर पूछताछ की गई।

कई धाराओं में हुई कार्रवाई

जांच के बाद युवकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 3/181, 5/180, 184 और 128/194(सी) के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 4,500 रुपये का चालान किया गया।

अभिभावकों को भी दी गई समझाइश

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने युवकों और उनके अभिभावकों को स्टंटबाजी, ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों के बारे में जागरूक किया। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी हरकत दोहराने पर और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस की अपील

रायपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी न बैठाएं, स्टंटबाजी से बचें और सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here