सुकमा में राजस्व कार्यों की समीक्षा, कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे और लंबित मामलों के जल्द निपटारे के दिए निर्देश

0
10

राजस्व अधिकारियों और पटवारियों की बैठक में पारदर्शिता, तकनीक और समयबद्ध कार्यों पर दिया गया जोर


सुकमा जिले में राजस्व कार्यों में तेजी और पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से कलेक्टर अमित कुमार ने शनिवार को जिला कार्यालय के सभा कक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों, राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के साथ पटवारियों और आरआई को डिजिटल क्रॉप सर्वे का प्रशिक्षण भी दिया गया।

लंबित प्रकरणों के जल्द निराकरण के निर्देश

बैठक में कलेक्टर ने ई-कोर्ट के मामलों, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, व्यपवर्तन, त्रुटि सुधार, नक्शा बटांकन और स्वामित्व योजना से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने सभी मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने और रिकॉर्ड को तत्काल अभिलेख शाखा में जमा करने के निर्देश दिए।

डिजिटल क्रॉप सर्वे पर विशेष जोर

राजस्व कार्यों को तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से पटवारियों और राजस्व निरीक्षकों को डिजिटल क्रॉप सर्वे का प्रशिक्षण दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा।

आपदा प्रबंधन और किसान पंजीयन की समीक्षा

कलेक्टर ने आरबीसी 6-4 के तहत आपदा राहत, बाढ़ प्रबंधन और राहत शिविरों की तैयारियों की भी समीक्षा की। साथ ही आगामी धान खरीदी के लिए किसानों के समय पर पंजीयन, एग्रीस्टैक पोर्टल की प्रगति और आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र समय सीमा में जारी करने के निर्देश दिए।

जन शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर

बैठक में वन अधिकार धारकों के फौती नामांतरण, नगरीय निकायों में पट्टा वितरण, भू-अर्जन और मुआवजा प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पीएम जनदर्शन और मुख्यमंत्री जनदर्शन से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here