
रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की
रायपुर छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में शनिवार सुबह से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। लगातार बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
48 घंटे तक भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने सक्रिय मौसम तंत्र और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में अगले 48 घंटों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।
रायपुर में सुहाना हुआ मौसम
राजधानी रायपुर में सुबह से लगातार बारिश होने से मौसम सुहावना बना हुआ है। बादलों की आवाजाही और रुक-रुककर हो रही वर्षा से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई है।
महासमुंद में सामान्य से अधिक वर्षा
महासमुंद जिले में भी मानसून सक्रिय है। भू-अभिलेख विभाग के अनुसार, 1 जून से अब तक जिले में औसतन 370.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा पिथौरा में 486.4 मिमी, जबकि सबसे कम कोमाखान में 281.2 मिमी रिकॉर्ड की गई है।
17 जुलाई को यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
17 जुलाई को जिले में औसतन 31.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 57.6 मिमी बारिश पिथौरा में हुई। इसके बाद बसना में 44.1 मिमी, सरायपाली में 35.9 मिमी, महासमुंद में 23.1 मिमी, बागबाहरा में 19.5 मिमी और कोमाखान में 8.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। साथ ही वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।



















