सरगुजा में आकाशीय बिजली का कहर, पेड़ के नीचे खड़े 4 बच्चों पर गिरी बिजली; 2 की मौत, 2 गंभीर

0
11

बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे रुके थे बच्चे, गांव में पसरा मातम

सरगुजा छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। लुंड्रा थाना क्षेत्र के नागम बांसपारा गांव में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े चार बच्चे बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए।

बारिश से बचने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम चारों बच्चे घर से खेलने निकले थे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू होने पर वे सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और चारों बच्चे उसकी चपेट में आ गए।

दो बच्चों की मौके पर मौत

हादसे में संदीप नगेसिया (11) और रोशन पनिका (12) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं प्रभु राम नगेसिया (12) और दिनेश नगेसिया (11), जो सगे भाई हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को अंबिकापुर रेफर किया गया

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को धौरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।

गांव में शोक, मौसम विभाग की अपील

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे नागम गांव में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here