रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत, कारोबारी समेत पत्नी और 3 बच्चों के शव मिले

0
20

पत्नी और बच्चों को जहर देने के बाद खुद फांसी लगाने की आशंका, आर्थिक तंगी और कर्ज के एंगल से जांच


रायपुर राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में शुक्रवार देर रात एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बैटरी कारोबारी सैय्यद शाहिद उर्फ सज्जू ने पहले पत्नी और तीन बच्चों को कथित रूप से जहर दिया, फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

घर के भीतर मिले पांचों शव

सूचना मिलने पर टिकरापारा थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर पांचों के शव बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, मृतकों के मुंह से झाग निकल रहा था। घटनास्थल से खाने-पीने का सामान और एक कीटनाशक का डिब्बा भी मिला है, जिसे जांच के लिए जब्त किया गया है।

आर्थिक तंगी और कर्ज की भी जांच

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शाहिद मौदहापारा इलाके में बैटरी रिपेयरिंग और पुरानी बैटरियों के कारोबार से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से आर्थिक संकट, बैंक की ईएमआई और निजी कर्ज के दबाव से जूझ रहे थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं आर्थिक परेशानी इस घटना का कारण तो नहीं बनी।

बदबू आने पर हुआ घटना का खुलासा

जानकारी के मुताबिक, शाहिद पिछले आठ महीने से परिवार के साथ किराये के मकान में रह रहे थे। पड़ोसियों ने बताया कि गुरुवार शाम के बाद से परिवार का कोई सदस्य बाहर दिखाई नहीं दिया। शुक्रवार रात घर से बदबू आने पर लोगों को शक हुआ। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मकान को सील कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और परिजनों व परिचितों से पूछताछ के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here