छत्तीसगढ़ में होगी देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग

0
99

रायपुर छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जाएगा। हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त यह लीग देश में आयोजित होने वाली पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग होगी।

राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में लीग के मुकाबले खेले जाएंगे। लीग का आयोजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 के बीच प्रस्तावित है। इसमें कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी।

प्रोफेशनल अंदाज में होगी लीग

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धी माहौल और बड़े मंच का अनुभव देना है।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया।

स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा अवसर

अरुण साव ने कहा कि लीग का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ की युवा हॉकी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है। प्रदेश के खिलाड़ियों को देश के बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इस लीग के माध्यम से राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभव और प्रतिस्पर्धी वातावरण से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे छत्तीसगढ़ में हॉकी के लिए एक मजबूत खेल माहौल तैयार करने और नई प्रतिभाओं को सामने लाने में भी सहायता मिलेगी।

छह टीमों की इस लीग के आयोजन से प्रदेश में हॉकी को नया मंच मिलने के साथ खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों के लिए भी उत्साह का माहौल बनने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here