नल-जल योजना के 6 लाख के डीआई पाइप चोरी का खुलासा, मध्यप्रदेश से आरोपी गिरफ्तार

0
2

मुंगेली पुलिस ने शासकीय नल-जल योजना से जुड़े करीब 6 लाख रुपये मूल्य के डीआई पाइप चोरी मामले का खुलासा करते हुए एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश के अनुपपुर जिले से एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में थाना लोरमी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी हुए 24 डीआई पाइप बरामद किए। पुलिस के अनुसार, ग्राम गोड़खाम्ही नहर रोड स्थित निर्माण स्थल पर नल-जल योजना के तहत रखे गए 30 पाइपों में से 24 पाइप 10 जून 2026 के आसपास चोरी हो गए थे।

शिकायत मिलने के बाद थाना लोरमी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस मध्यप्रदेश के अनुपपुर-शहडोल मार्ग स्थित कुदौली क्षेत्र पहुंची और एक कबाड़ी दुकान पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान चोरी के पाइप बरामद किए गए। पूछताछ में दुकान संचालक अनुज कुमार नामदेव (20) ने बताया कि पाइप ट्रक के जरिए लाकर कबाड़ के रूप में बेचे गए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

जांच में एक विधि से संघर्षरत बालक की भूमिका भी सामने आई। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर न्यायालय के आदेश पर उसे बाल संप्रेषण गृह भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे चोरी नेटवर्क की जांच जारी है। सरकारी संपत्ति की चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here