संतान सुख दिलाने के नाम पर डेढ़ करोड़ की कथित ठगी, महिला आयोग तक पहुंचा मामला

0
9

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में संतान प्राप्ति का झांसा देकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत में वन विभाग में पदस्थ एक वन रक्षक और उसकी पत्नी पर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और झाड़-फूंक के नाम पर दंपति से बड़ी रकम वसूलने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत के अनुसार, 2008 में विवाह के बाद संतान नहीं होने पर दंपति ने चिकित्सकीय उपचार कराया। जांच में महिला को पीसीओडी (PCOD) की समस्या बताई गई। एक बार गर्भधारण हुआ, लेकिन छह महीने बाद गर्भपात हो गया, जिसके बाद दंपति मानसिक तनाव में आ गया।

इसी दौरान उनकी मुलाकात डूमर राम नायक और उसकी पत्नी शिखा नायक से हुई। आरोप है कि दोनों ने विशेष पूजा, तांत्रिक अनुष्ठान और झाड़-फूंक के जरिए संतान प्राप्ति का दावा कर उनका विश्वास जीत लिया।

पीड़ित दंपति का आरोप है कि 2015 से 2021 के बीच उनसे अलग-अलग अनुष्ठानों, ताबीज, जड़ी-बूटियों और कथित चमत्कारी वस्तुओं के नाम पर लगभग 1.5 करोड़ रुपये वसूले गए। कभी 15 लाख रुपये की विशेष पूजा, तो कभी एक लाख रुपये के रुद्राक्ष के नाम पर रकम ली गई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन्हें डराया जाता था कि पूजा बंद करने पर परिवार पर संकट आ सकता है। इसी डर में दंपति ने अपनी जमा पूंजी, एफडी और संपत्तियां तक बेच दीं।

मामला राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई तक पहुंचने के बाद आयोग अध्यक्ष किरणमयी नायक ने इसे गंभीरता से लिया। सुनवाई के दौरान आरोपी वन रक्षक से उसकी आय, संपत्ति, वाहन खरीद और मकान निर्माण से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। आयोग ने संबंधित विभागों से जानकारी तलब की है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here