पीडब्ल्यूडी सचिव ने किया निर्माणाधीन एनएच-130ए का निरीक्षण, कार्य में देरी पर जताई नाराजगी

0
18

कवर्धा लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने शुक्रवार को निर्माणाधीन पोड़ी-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130ए का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मुख्य मार्ग के साथ बाईपास मार्ग का भी अवलोकन किया और अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी से विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सचिव बंसल ने निर्माण कार्यों में देरी और लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। जिन स्थानों पर सुधार की जरूरत है, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता नियंत्रण के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और प्रत्येक चरण में तकनीकी जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग कर फील्ड निरीक्षण बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

फील्ड निरीक्षण से पहले सचिव बंसल ने कवर्धा सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक ली। बैठक में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और सेतु निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ जिले में चल रहे सड़क, पुल और भवन निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।

उन्होंने उन परियोजनाओं पर विशेष नाराजगी जताई, जिनमें लंबे समय से काम धीमा है या शुरू ही नहीं हो पाया है। ऐसे मामलों में संबंधित एजेंसियों और जिम्मेदार अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

सचिव ने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी परियोजना को शुरू करने से पहले स्थल निरीक्षण और तकनीकी परीक्षण पूरी गंभीरता से किए जाएं, ताकि बाद में कोई बाधा न आए।

निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर गोपाल वर्मा, प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता नागेश जयंत, राष्ट्रीय राजमार्ग के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप और कार्यपालन अभियंता रंजीत घाडगे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here