
रायपुर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता की संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई।
दाई कोरा भवन के सामने बिक्री की फिराक में थे आरोपी
पुलिस को 4 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि थाना गोलबाजार क्षेत्र के दाई कोरा भवन के सामने कुछ युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लेकर उसकी बिक्री करने की फिराक में खड़े हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस को देखकर भागने लगे, घेराबंदी कर पकड़ा गया
संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ के लिए संपर्क करने पर तीनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मोह. असपाक, शिवम ढीमर और तुषार ढीमर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके बैग से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाईट्रोसन-10 बरामद हुई।
300 नशीली टेबलेट, मोबाइल और नकदी जब्त
पुलिस ने तीनों आरोपियों से कुल 300 नग नाईट्रोसन-10 टेबलेट, 400 रुपये नकद और 2 मोबाइल फोन बरामद किए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपियों से जब इन टेबलेट्स के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और लगातार पुलिस को गुमराह करते रहे।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना गोलबाजार में अपराध क्रमांक 105/26 के तहत धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस अब फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों में मोह. असपाक (25), शिवम ढीमर (22) और तुषार ढीमर (20) शामिल हैं। फिलहाल मामले में एंड-टू-एंड जांच जारी है।


















