प्राइम वीडियो पर रिलीज़ हुई ऋत्विक पारीक की फिल्म ‘डुग डुग’, 200 से ज्यादा देशों में होगी स्ट्रीम

0
3

मुंबई निर्देशक ऋत्विक पारीक की व्यंग्यात्मक कॉमेडी फिल्म ‘डुग डुग’ अब प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है। फेस्टिवल्स और सिनेमाघरों में सराहना मिलने के बाद अब यह फिल्म 200 से अधिक देशों और क्षेत्रों में दर्शकों के लिए उपलब्ध है, जिससे इसकी अनोखी कहानी वैश्विक दर्शकों तक पहुंचेगी।

ऋत्विक पारीक ने किया निर्देशन और लेखन

फिल्म का निर्देशन और लेखन ऋत्विक पारीक ने किया है। बॉटल रॉकेट पिक्चर्स के बैनर तले प्रेरणा पारीक और ऋत्विक पारीक ने इसका निर्माण किया है। वहीं अनुराग कश्यप, निखिल आडवाणी, विक्रमादित्य मोटवानी और वासन बाला फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं।

आस्था और अंधविश्वास पर व्यंग्य

फिल्म में अल्ताफ खान, गौरव सोनी और योगेंद्र सिंह मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके साथ दुर्गा लाल सैनी, हेमंत शर्मा, जगदीश प्रसाद टाक, राजू गुर्जर और प्रियंका खांडेकर भी अहम किरदार निभा रहे हैं।

डुग डुग‘ एक रहस्यमयी घटना के माध्यम से समाज में आस्था और अंधविश्वास के रिश्ते पर तीखा व्यंग्य करती है। फिल्म हास्य और सामाजिक संदेश का अनोखा मेल प्रस्तुत करती है।

क्या है फिल्म की कहानी?

फिल्म की कहानी ठाकुर (अल्ताफ खान) नाम के एक शराबी व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी एक रात हाईवे पर मोटरसाइकिल चलाते समय मौत हो जाती है। अगले दिन उसकी बाइक पुलिस स्टेशन से रहस्यमय तरीके से गायब होकर उसी स्थान पर मिलती है, जहां उसकी मौत हुई थी।

इसके बाद होने वाली अजीब घटनाओं के चलते गांव के लोग ठाकुर को भगवान मान लेते हैं और उसकी बाइक पर शराब चढ़ाने लगते हैं। लोगों की कथित मन्नतें पूरी होने लगती हैं और धीरे-धीरे यह आस्था एक नए धार्मिक कारोबार का रूप ले लेती है।

समीक्षकों ने की फिल्म की सराहना

समीक्षकों ने ‘डुग डुग’ को एक साहसी और अलग विषय पर बनी फिल्म बताया है। उनके अनुसार, फिल्म बिना किसी की आस्था का उपहास किए यह दिखाती है कि किस तरह विश्वास धीरे-धीरे कारोबार का रूप ले सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here