
नई दिल्ली। भारत में जर्मनी के राजदूत फिलिप एकरमैन ने कहा है कि भारत नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। एक समाचार एजेंसी से बातचीत में उन्होंने भारत और जर्मनी के बीच हरित एवं सतत विकास की साझेदारी को सफल बताया।
फिलिप एकरमैन ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, राजनीति और रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी भविष्य में और अधिक व्यापक होगी।
भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पर जल्द सहमति बनेगी। उनके अनुसार, यह समझौता जर्मन कंपनियों को भारत में अधिक निवेश के लिए प्रोत्साहित करेगा और आर्थिक संबंधों को नई गति देगा।
जर्मन राजदूत ने यह भी कहा कि जर्मनी में रह रहा भारतीय समुदाय दोनों देशों की मित्रता का मजबूत आधार है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में करीब 60 हजार भारतीय छात्र जर्मनी में अध्ययनरत हैं। उनका मानना है कि बढ़ता भारतीय समुदाय आने वाले समय में भारत-जर्मनी संबंधों को और मजबूत करेगा।
















